रायपुर। राज्य के मुख्य सचिव ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यों की प्रगति और लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान सभी विभागों में बैकलॉग के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभागीय सचिवों से कहा गया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा किया जा सके। साथ ही शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा के दौरान ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई प्रमुख कार्यक्रमों की स्थिति पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण सरकारी परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन मामलों का त्वरित निराकरण करने और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी मौजूद रहे तथा विभागीय कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

