मानसून की राह देख रहा छत्तीसगढ़: बारिश थमी, बढ़ी गर्मी; रायपुर में पारा 40°C के पार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के इंतजार के बीच गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर, अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि मुंगेली और कवर्धा जैसे कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून अभी प्रदेश की सीमा पर सक्रिय होने का इंतजार कर रहा है, इसलिए फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश की संभावना है, लेकिन तापमान में विशेष गिरावट की उम्मीद नहीं है।