रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को जनता का तेजी से भरोसा मिल रहा है। हेल्पलाइन के शुभारंभ के महज पांच दिनों के भीतर ही शिकायतों की संख्या 15,434 तक पहुंच गई है। इससे साफ है कि आम लोग अपनी समस्याओं को सीधे शासन तक पहुंचाने के लिए इस मंच का व्यापक उपयोग कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, नगरीय प्रशासन और ऊर्जा विभाग से संबंधित दर्ज की गई हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़े 2,470 मामलों में नामांतरण, सीमांकन और भू-अभिलेख संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं।
वहीं नगरीय प्रशासन विभाग को लेकर 2,058 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां शामिल हैं। ऊर्जा विभाग से संबंधित 1,921 शिकायतों में बिजली आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर खराब होने और नए कनेक्शन से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 1,509 तथा खाद्य विभाग से 1,235 शिकायतें प्राप्त हुईं। खाद्य विभाग में राशन कार्ड और पात्रता से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही। विशेष बात यह है कि, हेल्पलाइन पर आने वाली अधिकांश शिकायतें लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों- जमीन, पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित हैं। सरकार का दावा है कि, शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभागों को सक्रिय किया गया है।
