रोटी-नमक से हुआ पीएम मोदी का भव्य स्वागत, स्लोवाकिया दौरे से भारत-यूरोप रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

Follow Us

नई दिल्ली/ब्रुसेल्स। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय यूरोप दौरे के दूसरे चरण में स्लोवाकिया पहुंच गए हैं। राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचने पर उनका पारंपरिक स्लोवाक रीति-रिवाजों के अनुसार रोटी और नमक भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह परंपरा वहां सम्मान, मित्रता और सद्भावना का प्रतीक मानी जाती है।

स्लोवाकिया के विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराय ब्लानार ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान पीएम मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा, नवाचार और आपसी सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के प्रसिद्ध लोक नृत्य समूह ‘कोपानिसियारिक’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी आनंद लिया। इससे पहले वे फ्रांस में विभिन्न कार्यक्रमों और द्विपक्षीय बैठकों में शामिल हुए थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के संबंधों को और मजबूत बनाने तथा सहयोग के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण अवसर है।गौरतलब है कि, अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में नई गति देखने को मिली है। यूरोप में ऑटोमोबाइल और तकनीकी क्षेत्र के प्रमुख केंद्रों में शामिल स्लोवाकिया में बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर भी कार्यरत हैं। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।