खैरागढ़ में मशहूर मिठाई दुकान पर बवाल, खराब स्वीट्स बेचने का आरोप, फूड सेफ्टी विभाग की जांच शुरू

Follow Us

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में चर्चित मिठाई और होटल प्रतिष्ठान ‘मानव मंदिर’ विवादों में घिर गया है। एक महिला ग्राहक ने दुकान से खरीदी गई मिठाई खराब होने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग ने मौके पर पहुंचकर मिठाइयों के सैंपल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राज फैमली वार्ड निवासी प्रकृति सिंह ने मानव मंदिर से आम और दूध से बनी मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर जब उन्होंने डिब्बा खोला तो उसमें से तेज बदबू आने लगी। महिला का आरोप है कि मिठाई पूरी तरह खराब थी।

उन्होंने मिठाई को सुरक्षित रख अगले दिन शिकायत करने दुकान पहुंचीं, लेकिन वहां उनकी बात सुनने के बजाय होटल प्रबंधन ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया, जिससे विवाद बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए। विभाग का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। महिला ने यह भी चिंता जताई कि, वे छोटे बच्चे को स्तनपान कराती हैं और यदि खराब मिठाई खा लेतीं तो इसका असर बच्चे की सेहत पर भी पड़ सकता था। विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मी के मौसम में दूध और फल से बनी मिठाइयों में संक्रमण का खतरा तेजी से बढ़ जाता है, इसलिए गुणवत्ता और स्टोरेज बेहद जरूरी है।