नई दिल्ली। 5 देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आएंगे। दोपहर दिल्ली पहुंचते ही पीएम मोदी शाम 4 बजे ‘सेवा तीर्थ’ में मंत्रिपरिषद की एक बेहद अहम और बड़ी बैठक की अध्यक्षता करेंगे। करीब एक साल बाद हो रही इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और राज्य मंत्री शामिल होंगे, जहाँ वे मोदी सरकार 3.0 के दो साल के कामकाज का पूरा रिपोर्ट कार्ड प्रधानमंत्री के सामने पेश करेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को लेकर चर्चाएं बेहद गर्म हैं, क्योंकि अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी कुछ मंत्रियों के काम से खुश नहीं हैं, जिसके चलते जून के दूसरे सप्ताह में केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल और विस्तार होना लगभग तय माना जा रहा है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच हो रही इस हाई-प्रोफाइल बैठक पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं। बैठक के दौरान ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और रसद (लॉजिस्टिक्स) जैसे प्रमुख विभागों के कामकाज, सरकारी योजनाओं के असर और भविष्य की रणनीतियों की गहन समीक्षा की जाएगी। प्रधानमंत्री इस दौरान आम जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने और प्रशासनिक सुधारों को गति देने के लिए मंत्रियों को कड़े निर्देश भी दे सकते हैं। ज्ञात हो कि 10 जून 2024 को तीसरी बार शपथ लेने वाली मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर विभिन्न मंत्रालयों की इस समीक्षा को अगले बड़े राजनैतिक और नीतिगत फैसलों का आधार माना जा रहा है।
