आईपीएल 2026: चेन्नई के लिए आज ‘करो या मरो’ की जंग, टॉप-2 पर कब्जा करने उतरेगी शुभमन गिल की गुजरात टाइटन्स

Follow Us

अहमदाबाद। आईपीएल 2026 के 66वें मुकाबले में आज शाम 7:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच महामुकाबला होने जा रहा है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात पहले ही प्लेऑफ का टिकट पक्का कर चुकी है, लेकिन वह इस आखिरी लीग मैच को जीतकर 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में फिनिश करना चाहेगी। दूसरी ओर, ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई वाली चेन्नई के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ का है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए सीएसके को हर हाल में यह मैच जीतना होगा, हालांकि इसके बाद भी उन्हें अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 9 मुकाबलों में गुजरात 5-4 से आगे है। इस सीजन की पिछली भिड़ंत में भी गुजरात ने चेन्नई को उसी के घर में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी थी।

अहमदाबाद की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों की मददगार रही है, जहां हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं, लेकिन बड़ी बाउंड्री होने के कारण गेंदबाजों के पास भी विकेट निकालने का मौका रहता है। यहां खेले गए 51 मैचों में पहले बल्लेबाजी और चेज़ करने वाली टीमों ने 25-25 मैच जीते हैं, जिसे देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है। स्टार स्पोर्ट्स और जियो-हॉटस्टार पर लाइव प्रसारित होने वाले इस मुकाबले में शुभमन गिल, साई सुदर्शन और राशिद खान की तिकड़ी गुजरात को मजबूत बनाएगी, तो चेन्नई की उम्मीदें कप्तान ऋतुराज, संजू सैमसन और शिवम दुबे के कंधों पर टिकी होंगी। इस कांटे की टक्कर के बीच, महज 15 साल के युवा वैभव सूर्यवंशी भी सुर्खियों में हैं, जिन्होंने हाल ही में 93 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर ऋषभ पंत और रसेल के बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है।