कृषि दफ्तर में बवाल: अधिकारी ने पत्रकार-वकील को पीटा, CCTV फुटेज सामने

Follow Us

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में कृषि विभाग के दफ्तर में मारपीट का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि, एक कृषि अधिकारी ने जानकारी मांगने पहुंचे पत्रकार और वकील के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल यह, मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को वकील अपनी माता की किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ एक पत्रकार भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी के पास भेज दिया। जब पत्रकार ने संबंधित अधिकारी से योजना की जानकारी मांगी और शिकायत करने की बात कही, तो अधिकारी भड़क गया।

आरोप है कि, उसने पत्रकार का कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए वकील को भी नहीं छोड़ा गया और उसके साथ भी हाथापाई की गई। घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। वहीं, इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।