राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से आज 6 मई को एक विशाल जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कुल 794 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस मेले में कई निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी और अलग-अलग सेक्टर में रोजगार के मौके उपलब्ध कराए जाएंगें। जॉब फेयर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें सिक्योरिटी, हेल्थकेयर, टेक्निकल और सर्विस सेक्टर से जुड़े पद शामिल हैं। सेफ इंटेलीजेंट सिक्योरिटी द्वारा 150 गार्ड और टैंगो सिक्योरिटी द्वारा 80 गार्ड की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, स्मार्ट मीटर टेक्निशियन (40 पद), और विभिन्न अन्य पदों पर भी चयन होगा।
हेल्थ सेक्टर में एसआर हॉस्पिटल दुर्ग द्वारा 30 नर्सिंग स्टाफ और स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर द्वारा 100 केयर टेकर की भर्ती की जाएगी। वहीं वीडियो एडिटर, होटल मैनेजमेंट (महिलाओं के लिए 50 पद), फायरमैन, ड्राइवर और अकाउंटेंट जैसे पद भी शामिल हैं। इच्छुक उम्मीदवारों के लिए ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन अनिवार्य है। जॉब फेयर में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस सुनहरे मौके का लाभ जरूर उठाएं।
