राजधानी में दिनदहाड़े बड़ी लूट: ज्वेलर्स मैनेजर पर तलवार से हमला, 1 करोड़ के गहने लेकर फरार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा इलाके में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने ज्वेलर्स शॉप के मैनेजर पर जानलेवा हमला कर करीब 1 करोड़ रुपये के गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, विनायक ज्वेलर्स का मैनेजर विनीत सोनी दुकान बंद करने के बाद तिल्दाडीह स्थित ब्रांच से जेवरात लेकर खरोरा लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में 2 से 3 बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल मैनेजर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।