कुम्हारी में गुटखा गोदाम पर सेंट्रल जीएसटी की छापेमारी, दो मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त

Follow Us

दुर्ग। कुम्हारी के स्टेशन चौक इलाके में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने एक गोदाम में छापेमारी की। यहां सितार कंपनी का गुटखा तैयार किए जाने की सूचना पर टीम पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनों और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा को जब्त किया। करीब 10 से 12 अधिकारियों की टीम तीन वाहनों से मौके पर पहुंची और मशीनों, गुटखे समेत अन्य सामान की जांच की। टीम ने गोदाम में मौजूद दस्तावेज भी खंगाले।

जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गुटखा बनाने और बेचने के कारोबार में जीएसटी समेत अन्य कर नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। शुरुआती जानकारी में जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कीमत और टैक्स से जुड़ी स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। बताया गया है कि गोदाम सुरेश गुप्ता का है। कार्रवाई के बाद टीम जब्त मशीनों और गुटखे को लेकर रायपुर रवाना हो गई। फिलहाल सेंट्रल जीएसटी की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।