मुश्किल दौर में मां बगलामुखी के दरबार पहुंचीं सेलिना जेटली, भाई और बच्चों से दोबारा मिलने की लगाई गुहार

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी में बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही हैं। इस मुश्किल वक्त में मानसिक शांति और अपनी परेशानियों से मुक्ति पाने के लिए अभिनेत्री मां बगलामुखी देवी की शरण में पहुंचीं। सेलिना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा का एक बेहद भावुक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह माता रानी के गर्भगृह के सामने हाथ जोड़कर खड़ी नजर आ रही हैं। पूजा के दौरान सेलिना काफी भावुक दिखीं और उनकी आंखें नम थीं। मंदिर की परंपरा के अनुसार उन्होंने सिर पर पीले रंग की चुनरी ओढ़ रखी थी और पुजारी वहां मंत्रोच्चार कर रहे थे।

वीडियो के साथ एक इमोशनल नोट लिखते हुए सेलिना ने अपने दिल का हाल बयां किया। उन्होंने लिखा, “मां बगलामुखी के गर्भगृह में बैठकर मैंने दिव्य मां के चरणों में प्रार्थना की। मैंने अपने भाई से दोबारा मिलने, बच्चों के साथ फिर से जुड़ने और उस रिश्ते को वापस पाने की गुहार लगाई, जिसे भाग्य को कभी अलग नहीं करना चाहिए था।” उन्होंने आगे लिखा कि वह यह पवित्र पूजा उन सभी लोगों के साथ साझा कर रही हैं जो जीवन में सुरक्षा, न्याय और अपने प्रियजनों को फिर से पाने की शक्ति चाहते हैं।

हालांकि, सेलिना ने यह साफ नहीं किया कि वह मां बगलामुखी के किस सिद्ध पीठ में गई थीं। भारत में मां बगलामुखी के तीन प्रमुख सिद्ध मंदिर—नलखेड़ा (मध्य प्रदेश), बनखंडी (हिमाचल प्रदेश) और पीताम्बरा पीठ (दतिया, मध्य प्रदेश) बेहद प्रसिद्ध हैं। मां बगलामुखी को दस महाविद्याओं में से आठवीं महाविद्या माना जाता है, जिन्हें शत्रुओं का नाश करने और न्याय दिलाने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। फैंस कमेंट सेक्शन में अभिनेत्री की हिम्मत बढ़ा रहे हैं।