अमित शाह के बस्तर दौरे पर भूपेश बघेल का पलटवार: बोले- केंद्रीय गृहमंत्री का बयान सिर्फ ‘झूठ का पुलिंदा’

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने एक पत्रकारवार्ता में भाजपा सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखा निशाना साधा है। बघेल ने कहा कि अमित शाह द्वारा बस्तर से नक्सलवाद खत्म करने की घोषणा का वे स्वागत करते हैं, लेकिन बस्तर को लेकर जो दावे किए गए हैं वे सिर्फ ‘झूठ का पुलिंदा’ हैं। साय सरकार ने गृहमंत्री को गलत और भ्रामक जानकारियां देकर अंधेरे में रखा है।

भूपेश बघेल ने आंकड़ों के साथ स्पष्ट किया कि साल 2018 से 2023 के बीच कांग्रेस सरकार ने नक्सल उन्मूलन की दिशा में ठोस काम किया था, जिसके दम पर ही वर्तमान सरकार यह अभियान चला पा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि खुद अमित शाह ने 2022 में माना था कि 2019 के बाद नक्सली घटनाओं में भारी कमी आई है। बघेल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ही कोंडागांव जिला और बस्तर के 600 गांव नक्सल मुक्त घोषित हुए थे और बंद पड़े स्कूलों में से 275 स्कूल दोबारा खोले गए थे। जबकि वर्तमान साय सरकार राज्य में 10 हजार से अधिक स्कूल बंद करने जा रही है, जिसमें 1,163 स्कूल अकेले बस्तर संभाग के हैं।

इसके साथ ही, राशन दुकानों, 35 किलो चावल और आदिवासियों के 32% आरक्षण को लेकर भी शाह को गुमराह किया गया। वहीं, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आदिवासियों को गाय-भैंस बांटने और अमूल की तर्ज पर मिल्क नेटवर्क बनाने की योजना पर तंज कसा। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्ववर्ती रमन सिंह सरकार में भी ऐसी ही योजना लाकर करोड़ों का ‘गाय घोटाला’ हुआ था, जहां बीमार गायें बांट दी गईं और योजना बंद करनी पड़ी थी।