अभिनेता सोनू सूद ने किए प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर के दर्शन, आम यात्रियों की तरह ट्रेन से पहुंचे गुवाहाटी

Follow Us

गुवाहाटी/मुंबई। अपनी दरियादिली के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने असम के गुवाहाटी में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या देवी मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की एक खूबसूरत झलक सोशल मीडिया पर भी साझा की है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सोनू सूद आम यात्रियों की तरह ट्रेन में सफर करते हुए गुवाहाटी पहुंचे और माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई। वीडियो में अभिनेता मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते और समय बिताते नजर आ रहे हैं।

सोनू सूद को अपने बीच पाकर वहां मौजूद प्रशंसक और मंदिर प्रबंधन बेहद उत्साहित दिखे। फैंस ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, वहीं मंदिर प्रबंधन समिति ने पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र और माता का प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। अपनी यात्रा पर अभिनेता ने कहा, “नमस्कार दोस्तों, आज हम जा रहे हैं मां कामाख्या देवी मंदिर। वहां हम माता रानी के दर्शन करेंगे।”

असम की नीलांचल पहाड़ी पर स्थित कामाख्या देवी मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में से एक अत्यंत पूजनीय स्थल है। यह मंदिर धार्मिक आस्था और तंत्र साधना के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि यहां माता सती का ‘योनि’ भाग गिरा था। इस मंदिर की खास बात यह है कि, यहां मुख्य गर्भगृह में देवी की कोई मूर्ति नहीं है, बल्कि जमीन में योनि के आकार की एक प्राकृतिक दरार है जिससे निरंतर जल प्रवाहित होता रहता है। यह मंदिर हर साल जून में होने वाले अंबुबाची मेले के लिए जाना जाता है, जब तीन दिनों तक माता के रजस्वला होने की मान्यता के कारण मंदिर के कपाट बंद रहते हैं और चौथे दिन भक्तों के लिए खोले जाते हैं।