नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल करने का ऐलान किया है। बीसीसीआई के मुताबिक, बुमराह बाएं घुटने की चोट से समय पर रिकवर नहीं हो सके। यह चोट उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी थी। टीम इंडिया के लिए बुमराह का बाहर होना बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
वहीं, आकिब नबी के लिए यह करियर का बड़ा मौका है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। नबी ने रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी और टूर्नामेंट में 60 विकेट हासिल किए थे। पिछले दो रणजी सीजन में उनके नाम 104 विकेट दर्ज हैं। आकिब ने अब तक 43 फर्स्ट क्लास मैचों में 162 विकेट लिए हैं। इसके अलावा वह भारत-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी जा चुके हैं, जहां उन्होंने दो मुकाबलों में 6 विकेट हासिल किए थे। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से गॉल में होगी, जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।
