रायपुर में सराफा कारोबारी से ₹2 लाख की साइबर ठगी, ऑनलाइन पेमेंट के नाम पर रची गई साजिश

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में एक सराफा कारोबारी से करीब ₹2 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने पहले सोना खरीदने के नाम पर ऑनलाइन भुगतान किया, फिर एक ऑर्डर रद्द कराकर उसकी रकम वापस ले ली। कुछ दिनों बाद कारोबारी के बैंक खाते में ट्रांजेक्शन होल्ड होने पर ठगी का खुलासा हुआ। मामले में कुल ₹1,99,440 की राशि होल्ड होने से कारोबारी को आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, संजय नगर निवासी अजय सोनी की टिकरापारा मेन रोड पर अजय ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 17 जुलाई को स्कूटी से आए एक युवक ने पहले 5 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदा, जिसकी कीमत ₹76,220 थी। उसने JAGDAMBA TC नाम से ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद उसने 1.600 ग्राम सोना और खरीदा, जिसकी कीमत ₹23,500 थी और उसका भी ऑनलाइन भुगतान किया।

कुछ देर बाद युवक वापस लौटा और दूसरा ऑर्डर रद्द करने की बात कहकर ₹23,500 अपने मोबाइल नंबर पर वापस ले गया। 20 जुलाई को कारोबारी के पास एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को JAGDAMBA TC से जुड़ा बताते हुए खाते में बड़ी राशि आने की जानकारी दी। बैंक खाता जांचने पर पहले बैलेंस सामान्य दिखा, लेकिन कुछ घंटों बाद खाते का बैलेंस माइनस में चला गया।

अगले दिन बैंक पहुंचने पर पता चला कि दो ट्रांजेक्शन में ₹99,720-₹99,720 , यानी कुल ₹1,99,440 की राशि होल्ड कर दी गई है। इसके बाद कारोबारी को साइबर ठगी का एहसास हुआ और उसने टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।