अंबिकापुर। 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का समापन 26 अक्टूबर को उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ। 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 404 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हार-जीत से किसी की काबिलियत कम नहीं होती और प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने, मेहनत जारी रखने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
प्रतियोगिता के ओवरऑल परिणाम में रायपुर ने पहला, दुर्ग ने दूसरा और बिलासपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। सरगुजा चौथे और बस्तर पांचवें स्थान पर रहा। बैडमिंटन के विभिन्न आयु वर्गों में दुर्ग, रायपुर और बस्तर के खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया, जबकि बास्केटबॉल की 14 और 17 वर्ष बालिका वर्ग की स्पर्धाओं में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर विजेता रहा। सॉफ्ट टेनिस की कई स्पर्धाओं में बिलासपुर और रायपुर के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान हासिल किए। समापन समारोह में हॉली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने बंगाली संस्कृति पर आधारित नृत्य, उर्सुलाइन स्कूल के विद्यार्थियों ने कर्मा नृत्य और बिरनीबेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीतों पर प्रस्तुति दी। मार्च पास्ट के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।


