इंडियाज गॉट लेटेंट 2: पीएम मोदी की नकल कर रहे कंटेस्टेंट ने कुणाल कामरा पर कसा तंज, वीडियो वायरल

Follow Us

मुंबई। समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए एपिसोड में कंटेस्टेंट राहिल अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में आ गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करते हुए मंच पर पहुंचे राहिल ने कॉमेडियन कुणाल कामरा पर मजाकिया अंदाज में तंज कसा। इस दौरान समय रैना ने कुणाल को वीडियो कॉल पर जोड़ा, जिसके बाद तीनों के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिली। राहिल शो में ‘ओदी जी’ के किरदार में नजर आए। अपने परफॉर्मेंस के दौरान उन्होंने रुपये की गिरती कीमत पर भी व्यंग्य किया। इस पर कुणाल ने जवाब दिया, जिसके बाद राहिल ने उनकी बात पर पलटकर मजाक किया। उनकी इस टिप्पणी पर वहां मौजूद लोग हंसने लगे।

बातचीत के दौरान राहिल ने कुणाल से उनके कॉमेडी करने को लेकर सवाल किया। जब कुणाल ने अपनी बात रखने के लिए उन्हें ‘सर’ कहकर संबोधित किया, तो राहिल ने इसी शब्द को लेकर भी मजाक कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच तंज और हंसी-मजाक का सिलसिला जारी रहा। शो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ पहले भी विवादों में रह चुका है। पिछले साल शो के एक एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद काफी विवाद हुआ था। इसके बाद समय रैना को शो के एपिसोड हटाने पड़े थे और उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।