छत्तीसगढ़ में दिन में तेज धूप, रात में बढ़ेगी ठंडक; बस्तर-सरगुजा में गुलाबी ठंड का असर

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के साथ मौसम का मिजाज शुष्क हो गया है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां थम गई हैं और दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है और रात के समय गुलाबी ठंड का असर बढ़ सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है और मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। दिन में धूप के कारण तापमान बढ़ा हुआ है, जबकि रात में खासकर बस्तर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में हल्की ठंड महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण बिहार होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते मानसून की विदाई आगे बढ़ रही है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक का यह बदलाव आने वाले दिनों में और स्पष्ट होने की संभावना है।