रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। मामला वार्ड नंबर 13 का बताया जा रहा है, जहां एक घर में तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामान मिलने की खबर के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और आसपास के लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। सुरक्षा कारणों से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। शुरुआती जांच में बरामद सामग्री को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक किसी बड़े खतरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह मामला कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि, घर में रखी गई सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
