नियम तोड़ना पड़ा महंगा: 6 बसों पर कार्रवाई, प्रशासन सख्त

Follow Us

गरियाबंद। रायपुर-देवभोग मार्ग पर यात्री सुरक्षा को ताक पर रखकर बस चलाने वाले संचालकों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने आज सर्जिकल स्ट्राइक की है। सड़कों पर बढ़ते हादसों और नियमों की लगातार हो रही अनदेखी को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरयान अधिनियम (MV Act) की धज्जियां उड़ाने वाली 6 बसों को पकड़ा गया, जिनसे मौके पर ही 22,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कार्यवाही के दौरान दिल दहलाने वाले नजारे सामने आए, जहाँ बसों में क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ है। जांच में यह भी पाया गया कि, बसें अपने निर्धारित रूट और समय-सारणी का पालन न कर मनमाने ढंग से संचालित हो रही थीं, जो परमिट शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है।

इस सख्त अभियान को लेकर गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि, यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले बस संचालकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है और आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेज होगा। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि, वे अपनी सुरक्षा के लिए ओवरलोड वाहनों में सफर करने से बचें और किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। आज की इस कार्रवाई ने बस संचालकों के बीच हड़कंप मचा दिया है और यह स्पष्ट कर दिया है कि, सड़क पर मनमानी अब महंगी पड़ेगी।