हॉस्टल के कमरे में मिला शव; IIT बॉम्बे में हड़कंप , ChatGPT से परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया छात्र, 

Follow Us

मुंबई । देश के सबसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शुमार आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पवई स्थित कैंपस में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने आईआईटी के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि अकेले इसी साल इसी कैंपस में तीन छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं। गुस्साए छात्र संस्थान के डायरेक्टर से सीधे जवाब और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

परीक्षा हॉल से निकाला गया, ChatGPT के इस्तेमाल का लगा आरोप
घटनाक्रम के अनुसार, परीक्षा के दौरान छात्र पर अनुचित साधनों के प्रयोग का आरोप लगा था। पहले यह बात सामने आई थी कि उसे किसी अन्य छात्र की उत्तरपुस्तिका में झांकने पर परीक्षा हॉल से बाहर किया गया था। वहीं, आईआईटी बॉम्बे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, छात्र को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते रंगे हाथों पकड़ा गया था। आरोप है कि उसने नकल करने के मकसद से अपना प्रश्नपत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ‘चैटजीपीटी’ (ChatGPT) पर अपलोड कर दिया था। इसके बाद इनविजिलेटर ने उसे परीक्षा हॉल से बाहर भेज दिया था।

घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर की हत्या

नहीं शुरू की गई थी कोई कानूनी कार्रवाई: आईआईटी प्रशासन
संस्थान प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने छात्र के खिलाफ कोई दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की थी। विभाग के प्रमुख (HOD) और अन्य वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों के बीच इस पर विचार-विमर्श हुआ था और यह सहमति बनी थी कि ऐसा कोई कड़ा कदम न उठाया जाए जिससे छात्र के भविष्य या करियर पर बुरा असर पड़े। हालांकि, परीक्षा हॉल से सीधे अपने हॉस्टल के कमरे में लौटे छात्र ने उसी शाम आत्मघाती कदम उठा लिया और कमरे में उसका शव फंदे से लटकता मिला।

छात्रों का फूटा गुस्सा, कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात
शाम को जैसे ही छात्र की मौत की खबर फैली, पूरे पवई कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। सैकड़ों छात्र प्रशासनिक गेट पर जमा हो गए और संस्थान की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख कैंपस में पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्र के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और प्रशासन व आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत के जरिए तनाव कम करने के प्रयास जारी हैं।