रायपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: मोदी-शाह और साय को मिला ‘स्टैंडिंग ओवेशन’, साव बोले- “महिला आरक्षण का विरोध कांग्रेस को ले डूबेगा”

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक आज बड़े संकल्पों और रणनीतियों के साथ संपन्न हुई। बैठक में न केवल चुनावी जीत का जश्न मनाया गया, बल्कि भविष्य के लक्ष्यों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान पूरा सदन तब तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व के सम्मान में सभी पदाधिकारियों ने खड़े होकर ‘स्टैंडिंग ओवेशन’ दिया।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि पहले की बैठकों में कार्यकर्ता अपनी पीड़ा लेकर आते थे, लेकिन आज की बैठक में नक्सल उन्मूलन और विकास पर चर्चा हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बस्तर अब बदल रहा है और वहां के मड़ई-मेलों में फिर से पुरानी रंगत लौट आई है। वहीं, प्रदेश की विकासपरक नीतियों के लिए मुख्यमंत्री साय की सराहना की गई।

दूसरी ओर, डिप्टी सीएम अरुण साव ने राजनीतिक प्रस्ताव पारित होने की जानकारी दी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम का विरोध करना कांग्रेस की बड़ी राजनीतिक भूल है, जिसका भारी खामियाजा उसे आगामी समय में भुगतना पड़ेगा। साव ने स्पष्ट किया कि भाजपा महिला सशक्तिकरण और विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी। बैठक में विभिन्न राज्यों में मिली जीत के लिए जनता के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की गई। इस आयोजन ने आगामी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।