- विपक्ष महिला विरोधी मानसिकता रखता है : सांसद लक्ष्मी वर्मा
- महिला आरक्षण बिल को लेकर बीजेपी का प्रदर्शन,
रायपुर । महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राजधानी रायपुर में जनआक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में यह रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि यह महिलाओं का आक्रोश है और विपक्ष महिला विरोधी मानसिकता रखता है। भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत 20 अप्रैल को जन आक्रोश महिला पदयात्रा, 23-24 अप्रैल को महिला सम्मेलन और 26-27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कमलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस महिला विरोधी पार्टी : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारी जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध करके कांग्रेस और विपक्षी दलों ने साबित कर दिया कि वे महिला विरोधी हैं। कांग्रेस एवं उनके सहयोगी दल के नेताओं को यह पसंद नहीं है कि गांधी परिवार के अलावा कोई भी महिला लोकसभा एवं विधानसभा में नेतृत्व करें। देशभर की मातृशक्ति में इस अधिनियम को लेकर काफी उत्साह था। लेकिन दुर्भाग्य का विषय है कि हमारी माता-बहनों की खुशी कांग्रेस व विपक्षी दल के महिला विरोधी राजनीतिक चरित्र के चलते साकार नहीं हो पाई। इण्डी गठबंधन ने इसमें अवरोध उत्पन्न करके नारी शक्ति के साथ घोर अन्याय करने का पाप किया है।
कांग्रेस के महिला विरोधी रवैए से मातृशक्ति रुष्ट : सरोज पाण्डेय
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने न केवल इसे पारित होने से रोका बल्कि देश की आधी आबादी महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर उनका हक छीना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी दल के महिला विरोधी रवैये से देश की मातृशक्ति रुष्ट है। भाजपा सरकार ने सदैव हर स्तर पर नारी के संवैधानिक अधिकारों व सम्मान की रक्षा की है। महिलाओं को उनका हक और अधिकार दिलान के लिए भाजपा संकल्पित है।
कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को अपमानित किया है : लता उसेण्डी
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वन्दन अधिनियम सहित तीन विधेयक लोकसभा में लाए गए थे। नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को लेकर देशभर की महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा था। उन्हें तथा समाज के सभी वर्गों को विश्वास था कि यह विधेयक पारित हो जाएगा। लेकिन कांग्रेस के लोगों ने अपने मनगढ़ंत तर्कों व कुटिल सोच के साथ इस बिल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है।
महिलाओं को कांग्रेस ने हमेशा छला है : लक्ष्मी रजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह नजर आया। महिलाएँ अपने हितों को लेकर जागरूक हो चुकी है लेकिन एक ओर कांग्रेस है जो हमेशा महिलाओं को छलने का काम करती है। उन्हें कभी आगे बढ़ने का मौका कांग्रेस ने नहीं दिया। देश की महिलाएँ कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
