रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर की ओमान में गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गर्मा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने आरोप लगाया कि, कांग्रेस शासन के दौरान महादेव ऐप से जुड़े लोगों को राजनीतिक संरक्षण मिला, जिसके कारण यह नेटवर्क लंबे समय तक संचालित होता रहा।
उन्होंने कहा कि, केंद्र की जांच एजेंसियों की कार्रवाई और सरकार की कथित जीरो टॉलरेंस नीति के चलते अब मामले में अहम प्रगति हुई है और आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है। डॉ. मिश्रा ने दावा किया कि, सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में शामिल लोगों की जवाबदेही तय होगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से इस बयान के संदर्भ में तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों के स्तर पर जारी है और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। महादेव बेटिंग ऐप मामला पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) समेत विभिन्न जांच एजेंसियों की जांच के दायरे में है और इससे जुड़े कई पहलुओं की जांच अभी भी जारी है।
