रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में हुई करीब ढाई घंटे की बैठक में आगामी संगठनात्मक रणनीति, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों को संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान से जुड़ी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को चार महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने कहा, “सिर पर बर्फ रखो”, यानी हमेशा शांत और संयमित रहो। “मुंह में मिश्री रखो”, यानी सभी से मधुर व्यवहार करो। “पैर में चक्र रखो”, यानी संगठन और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहो। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा और आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि इससे पहले मोर्चा और प्रकोष्ठों की अलग-अलग बैठकें हो चुकी हैं। संयुक्त कार्यसमिति की इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनसंपर्क कर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।


