नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के लिए 54वां जन्मदिन बेहद खास बन गया। गांगुली को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने पर क्रिकेट जगत से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी अपने पुराने साथी को खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं।
सचिन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह और गांगुली 14 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानते हैं और उनका यह सम्मान बेहद खुशी देने वाला है। उन्होंने गांगुली को ICC हॉल ऑफ फेम में जगह मिलने पर बधाई दी। इसके जवाब में गांगुली ने सचिन का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके साथ एक ही सूची में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है।
गांगुली भारत के उन चुनिंदा क्रिकेटरों में शामिल हो गए हैं जिन्हें ICC का यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, कपिल देव, राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले जैसे भारतीय खिलाड़ी इस सूची में शामिल हो चुके हैं। कप्तान के तौर पर गांगुली ने भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने विदेशी मैदानों पर जीत का आत्मविश्वास हासिल किया और 2003 वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंची। नेटवेस्ट ट्रॉफी की ऐतिहासिक जीत भी उनके कप्तानी दौर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
