जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के युवा एनएसएस कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर के छात्र भुवनेश्वर ने करीब 6 किलोमीटर की कठिन पैदल ट्रेकिंग पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस साहसिक सफलता ने बस्तर के युवाओं को प्रेरित किया है। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में स्थित रीजनल एडवेंचर स्पोर्ट्स सेंटर हटकोटी में 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के एनएसएस कैडेट विभिन्न साहसिक गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।
इसी कैंप के दौरान भुवनेश्वर कश्यप ने दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन चढ़ाई को पार करते हुए समुद्र तल से 14,830 फीट की ऊंचाई हासिल की। हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं और चुनौतीपूर्ण प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच उनकी यह ट्रेकिंग एक बड़ी उपलब्धि रही। इस दौरान उन्होंने चांशल की पहाड़ियों पर राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर भी प्रदर्शित किया।
10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में कैडेटों को पर्वतीय ट्रेकिंग, वैली क्रॉसिंग और रस्सियों के सहारे पहाड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही टीम वर्क, अनुशासन और आपसी सहयोग जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित किया जा रहा है।
इस उपलब्धि में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश देवांगन का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। भुवनेश्वर की इस सफलता से महाविद्यालय, बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है।
