टेंडर मंजूर होने के 15 दिनों के भीतर जारी करना होगा वर्क ऑर्डर, लोक निर्माण विभाग के सचिव ने दिए निर्देश

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की निविदा स्वीकृत हो चुकी है, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि निर्माण के अनुकूल मौसम का पूरा लाभ उठाकर काम समय पर शुरू और पूरा किया जा सके।

सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 27 नवंबर को मंत्रालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इसमें पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के मुख्य अभियंता शामिल हुए। बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, पुलों और नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित और सख्त मॉनिटरिंग करने के साथ समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मुख्य अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सचिव ने गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए खराब काम को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप दोबारा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों के साथ कबीरधाम जिले के परफॉर्मेंस गारंटी वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर दोबारा बनाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों में सामग्री और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराया जाए।

इसके अलावा बैठक में जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता मौजूद रहे।