किरंदुल डिपॉजिट-14 भूस्खलन से जंगल को नुकसान, वन मंत्री ने दिए जांच के आदेश

Follow Us

जगदलपुर। बस्तर के किरंदुल स्थित डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन के बाद पर्यावरणीय क्षति का मामला गंभीर हो गया है। भूस्खलन का मलबा आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंचने की जानकारी सामने आने के बाद राज्य सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के अधिकारियों को प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर जंगल, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन का मलबा वन विभाग के कक्ष क्रमांक 673 के आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में मलबा फैलने का अनुमान है। इससे वन संपदा और प्राकृतिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी एनएमडीसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान प्रभावित क्षेत्र में पेड़ों, वन्यजीवों और अन्य प्राकृतिक संसाधनों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार पक्षों की पहचान भी की जाएगी।

भूस्खलन की घटना के बीच एनएमडीसी प्रबंधन ने किरंदुल परियोजना में पदस्थ महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि, निलंबन आदेश में कार्रवाई के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कांग्रेस के जांच दल को घटनास्थल का निरीक्षण करने की अनुमति देने का मामला भी इस कार्रवाई से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि करीब 50 सेक्टर क्षेत्र में मलबा बहने की जानकारी मिली है। उन्होंने वन बल प्रमुख को प्रभावित इलाके में पेड़ों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल वन विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही पर्यावरणीय नुकसान की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदार पक्षों के संबंध में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।