हैदराबाद। दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु एक बार फिर अपने नए और दमदार अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘मां इंटी बंगारम’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में सामंथा का ऐसा अवतार देखने को मिला है, जिसे देखकर फैंस उन्हें ‘एक्शन क्वीन’ बता रहे हैं। करीब ढाई मिनट के ट्रेलर की शुरुआत एक पारंपरिक परिवार से होती है, जहां सामंथा नई बहू के रूप में नजर आती हैं। वह परिवार की उम्मीदों पर खरी उतरने और सबका दिल जीतने की कोशिश करती दिखती हैं। हालांकि, कहानी धीरे-धीरे रोमांचक मोड़ लेती है, जब उनके अतीत से जुड़ा एक बड़ा रहस्य सामने आने लगता है।
पर खतरा मंडराते ही सामंथा का शांत स्वभाव एक जबरदस्त योद्धा में बदल जाता है। इसके बाद ट्रेलर में हाई-वोल्टेज एक्शन, दमदार फाइट सीक्वेंस और भावनात्मक ड्रामा का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है। खास बात यह है कि,सामंथा ने कई एक्शन दृश्यों में अपनी फिटनेस और स्क्रीन प्रेजेंस से अलग ही प्रभाव छोड़ा है। फिल्म का निर्देशन नंदिनी रेड्डी ने किया है, जबकि इसका निर्माण सामंथा, राज और हिमांक ने मिलकर किया है। ट्रेलर शेयर करते हुए सामंथा ने लिखा, “अब ट्रिगर दबाने का समय आ गया है।” पहले 15 मई को रिलीज होने वाली यह फिल्म अब 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ट्रेलर को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बाद फैंस को फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।
