नई दिल्ली।देश की राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार सुबह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल परिसर में रखे तीन LPG सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए। तेज धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई और लोगों को कुछ पल के लिए बम विस्फोट जैसी आशंका होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
शुरुआती तौर पर दो वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर और एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट को रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे ‘मेक-4’ कॉल घोषित की गई, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी लगाया गया। कुल नौ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल अधिकारियों के अनुसार भवन में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिलें थीं, जबकि छत पर अस्थायी ढांचा भी बना हुआ था।
फिलहाल आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि,हाल के दिनों में दिल्ली में आग की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। मालवीय नगर होटल अग्निकांड में 23 लोगों की जान गई थी, जबकि तुगलकाबाद की एक रिहायशी इमारत में लगी आग में तीन लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
