दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत 6 अक्टूबर को दुर्ग में जिला स्तरीय पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा शामिल हुए। मार्च का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष, दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष एवं भिलाई नगर के अध्यक्ष के संयुक्त नेतृत्व में किया गया।
पैदल मार्च महात्मा गांधी प्रतिमा, जेआरडी स्कूल से शुरू होकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, कलेक्ट्रेट तक पहुंचा। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की। इस दौरान इंडिया गठबंधन के साथियों द्वारा लोकतंत्र एवं भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद की तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
अरुण वोरा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान में दिए गए अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के मताधिकार, संवैधानिक अधिकारों और संस्थाओं में जनता के विश्वास से जुड़ा हुआ है। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर एसिड अटैक, दो आरोपी गिरफ्तार

