मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। अभिनेता ने इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “जय मां काली। मां का आशीर्वाद हमेशा हम सब पर बना रहे और वे हमारी रक्षा करें।” उन्होंने बताया कि सदियों पुराने इस पवित्र मंदिर में आकर उन्हें मन की शांति का अनुभव हुआ।
अभिनेता ने लिखा कि उन्हें कालीघाट मंदिर में मां काली के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने मां से शक्ति, आभार और सभी लोगों की अच्छी सेहत, खुशहाली व शांति के लिए प्रार्थना की। अपने पोस्ट में अनुपम खेर ने भारत की सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना करते हुए कहा कि देश की खूबसूरती सिर्फ इसकी विविध संस्कृतियों में ही नहीं, बल्कि यहां के प्राचीन मंदिरों में भी बसती है। उन्होंने कहा कि पीढ़ियों से लोग इन मंदिरों में आस्था के साथ आते हैं और नए विश्वास के साथ लौटते हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर जल्द ही फिल्म ‘श्री रामभूमि’ में नजर आएंगे। इसके अलावा वह ‘खोसला का घोंसला 2’ का भी हिस्सा हैं। साथ ही करीब 26 साल बाद वह एक बंगाली फिल्म के जरिए बंगाली सिनेमा में वापसी करने जा रहे हैं।

