मुंबई। रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ का पहला एपिसोड आते ही चर्चा में आ गया है। शो में जहां कई कंटेस्टेंट्स ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े खुलासे किए, वहीं अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने भी ऐसा बयान दिया जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। शो के दौरान होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख ने सुनीता आहूजा के एक पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था, “जब तक पति-पत्नी साथ हों तो अंखियों से गोली मारे, लेकिन जब थर्ड पार्टी आ जाए तो घुटनों पर गोली मारे।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता ने कहा, “सुन रहे हो चीची… घुटनों पर गोली तभी लगती है जब कोई लाइफ में आ जाती है। मैंने झूठ नहीं बोला। वैसे मेरा निशाना कभी मिस नहीं होता।”
सुनीता की इस टिप्पणी को अभिनेता गोविंदा के उस हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है, जब घर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर साफ करते समय गलती से उनके घुटने में गोली लग गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इस दौरान फराह खान ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि सुनीता तो घुटनों पर नहीं, बल्कि सीने पर गोली मारने की बात कहती हैं, जिस पर सेट पर मौजूद लोग हंस पड़े। गौरतलब है कि इससे पहले भी एक पॉडकास्ट में सुनीता आहूजा ने गोविंदा पर रिश्ते में धोखा देने के आरोप लगाए थे। हालांकि, गोविंदा ने उन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें गलत बताया था। अब ‘लॉकअप 2’ में दिए गए इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।x
