नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से चोरी कराने वाले गिरोह का एक और फरार आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

*नाबालिग को घूमने-फिरने का लालच देकर घर से जेवरात व नकदी चोरी करवाता था आरोपी।*

कांकेर। पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस को चोरी के प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

प्रार्थिया शहनाज रिजवी, निवासी महादेव वार्ड कांकेर ने दिनांक 23.03.2026 को थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके नाबालिग पुत्र को मोहल्ले के कुछ युवकों द्वारा बहला-फुसलाकर घूमने-फिरने का लालच दिया गया। इसके बाद नाबालिग द्वारा पिछले लगभग दो माह के दौरान घर के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹1,00,000 नगद चोरी कर आरोपियों को दिए गए।

रिपोर्ट पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 107/2026 धारा 303(2), 112(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पूर्व में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि एक आरोपी दानिश अडवानी उर्फ आहद अडवानी घटना के बाद से फरार था।

फरार आरोपी की लगातार तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी अपने निवास महादेव वार्ड कांकेर आया हुआ है। सूचना पर उप निरीक्षक मनोरथ जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण एवं घटना में प्रयुक्त आईफोन-15 प्रो बरामद किया गया।

आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 28.07.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कांकेर में न्यायिक रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
दानिश अडवानी उर्फ आहद अडवानी, पिता अनिश अडवानी, उम्र 25 वर्ष, निवासी महादेव वार्ड, कांकेर।

बरामद संपत्ति का विवरण
सोने का एक लॉकेट (अल्लाह लिखा हुआ)
सोने की एक अंगूठी
चांदी की एक जोड़ी पाजेब
चांदी का कमर में पहनने वाला गुच्छा
चांदी की 10 नग बिछिया
एक आईफोन-15 प्रो मोबाइल
कुल अनुमानित कीमत : ₹1,50,000।

पुलिस टीम
निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उप निरीक्षक मनोरथ जोशी, प्रधान आरक्षक गीतेश्वर कुलदीप, आरक्षक रोशन राठौर, ईश्वर साहू एवं रोमेश दीवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कांकेर पुलिस की अपील
अपराधों की रोकथाम पुलिस और आमजन की साझा जिम्मेदारी है। यदि आपके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस की अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।