बैगा अंचल की 135 आंगनबाडिय़ों में एक साथ सजा ‘आंगन मिलन सेवा’

Follow Us

*तरेगांव जंगल और दलदली क्षेत्र के बैगा-आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आंगन मिलन सेवा से जुड़े परिवार*
*पोषण थाली, स्वास्थ्य जांच, न्योता भोज और योजनाओं की जानकारी बनी आकर्षण का केंद्र*

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के बैगा बहुल क्षेत्र तरेगांव जंगल और दलदली क्षेत्र में आज सेवा, पोषण और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्र के सभी 135 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस आयोजन में बच्चों, माताओं, अभिभावकों, स्वसहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

‘आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत-2047 के नागरिक संकल्प से भी लोगों को जोड़ा गया।

‘मेरी पौष्टिक थाली ने दिया सुपोषण का संदेश
आंगनबाड़ी केंद्रों में स्थानीय खाद्यान्न, ताजी हरी सब्जियों और फलों से तैयार ‘मेरी पौष्टिक थाली आकर्षण का केंद्र रही। इसके माध्यम से बच्चों और माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। केंद्रों में पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियों के साथ कुपोषण दूर करने का संदेश भी दिया गया।

एशियन गेम्स की कबड्डी गोल्ड मेडलिस्ट संजू देवी को दी बधाई, कहा आपने छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान; अरुण साव

स्वास्थ्य जांच से लेकर टीकाकरण तक मिली सेवाएं
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार टीकाकरण किया गया। बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। जनभागीदारी से ‘न्योता भोज का आयोजन कर बच्चों को पौष्टिक भोजन, फल एवं मिठाइयां वितरित की गईं।

मेहंदी, रंगोली और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता ने बढ़ाई रौनक
महिलाओं और युवतियों के लिए मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति परिवारों को प्रोत्साहित किया गया। सुपोषित बच्चों और उनकी माताओं को सम्मानित कर बेहतर पोषण के लिए प्रेरित किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले का उत्साहवर्धन हुआ और समुदाय के बीच उनकी भूमिका को सम्मान मिला।

कबीरधाम जिले में बारिश में सड़क धंसी, जांच की मांग

योजनाओं के लाभ से जुड़ीं माताएं, नए हितग्राहियों का पंजीयन
महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग करने वाली सजग माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही पात्र नवीन हितग्राहियों का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मौके पर पंजीयन भी किया गया।

खिलौना बैंक के लिए समुदाय ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘खिलौना बैंक को समृद्ध करने के लिए समुदाय को खिलौने एवं खेल सामग्री दान करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए और अधिक आनंददायी एवं सीखने का बेहतर स्थान बनाने का संदेश दिया गया।