डोंगरगढ़। शहर के सबसे व्यस्त और रिहायशी इलाके बुधवारी पारा में आधी रात को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। वार्ड क्रमांक 15 स्थित डॉ. सचदेव गली में दो बेखौफ चोरों ने दिनेश कुमार साहू के सूने मकान को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने घर में दाखिल होने के लिए मुख्य दरवाजे के बजाय छत का रास्ता चुना और घंटों तक इलाके में बेखौफ घूमते रहे।
यह पूरी वारदात इलाके में लगे 8 अलग-अलग सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दो संदिग्ध युवक पहले गली की रेकी करते हैं और फिर बड़ी चालाकी से छत के रास्ते मकान के भीतर दाखिल हो जाते हैं। शहर के बीचों-बीच स्थित इस सघन आबादी वाले इलाके में, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है, वहां चोरों का इस कदर निडर होकर घूमना स्थानीय निवासियों को हैरान कर रहा है।

इस घटना के बाद से बुधवारी पारा सहित पूरे शहर में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए सवाल उठाया है कि यदि शहर का मध्य क्षेत्र ही सुरक्षित नहीं है, तो बाहरी कॉलोनियों का क्या हाल होगा? लोगों का आरोप है कि पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित रह गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि पुलिस ने सभी सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। संदिग्धों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
