चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह को लेकर पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली है, जिससे उनके बीजेपी में जाने की अटकलों को और बल मिला है। जानकारी के मुताबिक, पंजाब सरकार ने अचानक कार्रवाई करते हुए हरभजन सिंह के आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को हटा लिया है। साथ ही उन्हें दी गई सरकारी पायलट कार भी वापस ले ली गई है। इस कदम को राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बीच, हाल ही में बीजेपी से जुड़े नेता राघव चड्ढा के दावे ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने कहा था कि आप के कई राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं और बीजेपी के संपर्क में हैं, जिनमें हरभजन सिंह का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, हरभजन सिंह ने इस पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। विवाद उस समय और बढ़ गया जब उनके घर के बाहर ‘गद्दार’ लिखे जाने का मामला सामने आया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग स्प्रे पेंट से आपत्तिजनक शब्द लिखते नजर आए। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने की खबरों पर नाराजगी जताते हुए ऐसे नेताओं को ‘गद्दार’ करार दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी एक व्यक्ति से बड़ी है और कुछ लोगों के जाने से पार्टी पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस, पंजाब सरकार के फैसले से सियासत गरम
