अजय देवगन ने किया ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ऐलान, पोस्टर के साथ सामने आए किरदारों के नए तेवर

Follow Us

मुंबई। अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ अब नए आधिकारिक नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के साथ सामने आ गई है। अभिनेता ने फिल्म के कई पोस्टर साझा कर फ्रैंचाइजी के तीसरे और अंतिम अध्याय का ऐलान किया है। इसके साथ ही प्रमुख किरदारों के नाम और उनके नए तेवर की झलक भी दिखाई गई है। अजय देवगन के पोस्टर पर परिवार को लेकर उनका मजबूत नजरिया सामने आता है। विजय सलगांवकर के किरदार के पोस्टर पर परिवार को सबसे ऊपर रखने का संदेश दिया गया है। वहीं तब्बू के पोस्टर ने कहानी को और दिलचस्प बना दिया है। उनके किरदार मीरा देशमुख के पोस्टर से संकेत मिलता है कि इस बार उनका मकसद सिर्फ इंसाफ नहीं, बल्कि बदला लेना होगा।

मेकर्स ने श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज के किरदारों से जुड़े पोस्टर भी जारी किए हैं। इनमें हर किरदार के अलग मकसद और कहानी में उसकी भूमिका की झलक दिखाई गई है। इससे साफ है कि तीसरा भाग पहले दोनों हिस्सों से कहीं ज्यादा तनाव और टकराव लेकर आने वाला है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा पर आमिल कियान खान और परवेज शेख के साथ मिलकर काम किया गया है। फिल्म का निर्माण स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज के सहयोग से किया जा रहा है।

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर की भूमिका में नजर आएंगे। तब्बू मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में वापसी कर रही हैं, जबकि रजत कपूर भी अपने पुराने किरदार में दिखाई देंगे। प्रकाश राज और जयदीप अहलावत नए किरदारों में कहानी का हिस्सा बने हैं। ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी गोवा के रहने वाले विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी पर आधारित है, जो एक हत्या के बाद अपने परिवार को कानूनी शिकंजे से बचाने के लिए अपनी समझदारी और रणनीति का इस्तेमाल करता है। तीसरे भाग में इसी कहानी को एक नए मुकाम तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।