खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 1205 बोरी अवैध उर्वरक जब्त

Follow Us

आरंग। खरीफ सीजन के दौरान खाद की किल्लत के बीच रायपुर जिला कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समोदा स्थित एक कृषि केंद्र पर छापा मारकर 1205 बोरी (60.25 मीट्रिक टन) अवैध रूप से भंडारित उर्वरक जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के जमाखोरों में हड़कंप मच गया है। जांच में पाया गया कि संचालक ने गोदाम और प्राधिकार पत्र के स्रोत प्रमाण पत्र में बिना किसी एंट्री के बड़ी मात्रा में उर्वरक का अवैध भंडारण किया था। कृषि विभाग ने उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत सभी 1205 बोरियों को जब्त कर लिया।

जब्त उर्वरक को सुरक्षा और नियमानुसार फिलहाल मेसर्स वर्मा कृषि केंद्र, समोदा की सुपुर्दगी में रखा गया है। विभाग ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेज दी है। वर्तमान में खरीफ सीजन के चलते किसान खाद के लिए सहकारी समितियों और दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ऐसे समय में भारी मात्रा में अवैध भंडारण मिलने से कृत्रिम खाद संकट और कालाबाजारी की आशंका मजबूत हुई है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों के परिवहन, भंडारण और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचने, अवैध भंडारण या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।