कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र से राजनीति का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भाजपा नेता की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी अब उसी सीट से चुनाव लड़ने मैदान में उतर गया है, जो हत्या के बाद खाली हुई थी। इस घटनाक्रम ने इलाके की राजनीति में हलचल मचा दी है। मामला पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत के बिझरा सीट का है। सोमवार को हत्या के आरोपी मुस्ताक अहमद को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच बिलासपुर जेल से नामांकन दाखिल कराने लाया गया। हथकड़ी लगाए आरोपी को देखते ही जनपद कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मुस्ताक ने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया।

गौरतलब है कि, 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उन पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला किया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस जांच में राजनीतिक रंजिश की बात सामने आई थी और मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया था। अक्षय गर्ग की मौत के बाद बिझरा सीट खाली हो गई थी, जिस पर अब उपचुनाव हो रहा है। ऐसे में हत्या के आरोपी द्वारा उसी सीट से चुनाव लड़ने की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
