रायगढ़ । पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर फायरिंग करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर की गई पतासाजी और तकनीकी सुरागों के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे गेरवानी शराब दुकान में तैनात सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल से दो युवकों का विवाद हुआ था। गार्ड द्वारा देर रात शराब दुकान आने को लेकर दोनों को डांटने पर विवाद बढ़ गया। इसके कुछ देर बाद आरोपी विवेक कुमार यादव अपने लेबर क्वार्टर से पिस्टल लेकर वापस शराब दुकान पहुंचा और गार्ड को जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग कर दी। गोली गार्ड के पेट में लगी, जिसके बाद वह आहाता के पीछे जाकर छिप गया और डायल 112 को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना, साइबर थाना, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मामले में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 109(1) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
छोटे बच्चों की दवाओं पर सरकार का बड़ा फैसला, 4 साल से कम उम्र में एफडीसी पर रोक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल युवक विवेक कुमार यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार, गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करता था और घटना के बाद फरार हो गया है। पुलिस टीम ने उसकी तलाश में बिहार पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस की गतिविधियों की भनक लगने पर आरोपी घर से निकलकर खेत में जाकर छिप गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर करीब दो घंटे तक सघन तलाश की और आरोपी विवेक कुमार यादव को खेत से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ गार्ड से विवाद और उसके बाद फायरिंग करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लांट के फोरमैन को डराने के लिए अपने गांव गया था, जहां उसने एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। 17 अगस्त की रात शराब दुकान में गार्ड द्वारा डांटे जाने के बाद उसका साथी रोशन परेशान होकर रोने लगा। इससे नाराज होकर विवेक पिस्टल लेकर वापस शराब दुकान पहुंचा और गार्ड पर गोली चला दी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है। वहीं घटना में शामिल आरोपी का साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
राज्य के सरकारी कर्मचारियों की एनुअल एप्रेसल रिपोर्ट लिखने की तय हुई समय सीमा
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा सहित पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर दूसरे राज्य में फरार होने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। अपराधी किसी भी राज्य या क्षेत्र में जाकर छिपे, पुलिस टीम आपसी समन्वय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाएगी।
