‘वाइब’ का टीजर रिलीज, कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की जोड़ी मचाएगी धमाल

Follow Us

मुंबई। कुणाल खेमू की आगामी फिल्म ‘वाइब’ का आधिकारिक टीजर रिलीज हो गया है। ‘मडगांव एक्सप्रेस’ के बाद यह कुणाल खेमू की अगली निर्देशित फिल्म है, जिसमें वह मुख्य भूमिका में भी नजर आएंगे। फिल्म में प्रीति जिंटा एक दमदार बॉस-लेडी के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर भी अहम भूमिकाओं का हिस्सा हैं।‘वाइब’ की कहानी दो आम दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अचानक एक खतरनाक मिशन में फंस जाते हैं और हालात उन्हें एक्सीडेंटल हीरो बना देते हैं। टीजर में प्रीति जिंटा मिशन को कंट्रोल करती नजर आती हैं और कुणाल व स्पर्श को ऐसी जिम्मेदारी मिलती है, जिसके लिए वे बिल्कुल तैयार नहीं हैं।

यहीं से फिल्म में कॉमेडी, अराजकता और एक्शन का मजेदार मेल देखने को मिलता है। टीजर में बॉलीवुड की स्पाई फिल्मों के अंदाज पर भी हास्यपूर्ण अंदाज में तंज किया गया है। आम जिंदगी जीने वाले दोनों दोस्तों को गंभीर मिशन पर भेजे जाने की कहानी फिल्म को दिलचस्प बनाती है। कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव की कॉमिक टाइमिंग टीजर की खास झलकियों में शामिल है। वहीं प्रीति जिंटा का बॉस-लेडी अंदाज फिल्म में एक अलग रंग जोड़ता है। ‘वाइब’ का निर्माण ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले किया गया है और यह एक्शन-कॉमेडी के साथ स्पाई एंटरटेनमेंट का तड़का लगाती नजर आएगी। फिल्म ‘वाइब’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।