बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ की रफ्तार बरकरार, पहले हफ्ते में 113.50 करोड़ की कमाई; ‘बंटवारा 1947’ पिछड़ी

Follow Us

मुंबई। इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। रिलीज के सात दिन पूरे होने के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी हुई है। वहीं, सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में संघर्ष करती नजर आ रही है। फिल्म कारोबार के आंकड़ों के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने सातवें दिन करीब 6 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले फिल्म ने छठे दिन 6.75 करोड़, पांचवें दिन 9.75 करोड़ और चौथे दिन 9.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म ने पहले सप्ताह में कुल 113.50 करोड़ रुपये का शुद्ध कलेक्शन दर्ज किया है।

टी-सीरीज ने भाग्यश्री बोरसे की कास्टिंग की खबरों को बताया गलत, आदित्य रॉय कपूर की फिल्म की हीरोइन का नाम जल्द होगा सामने

‘आवारापन 2’ का दुनियाभर में प्रदर्शन भी मजबूत रहा है। फिल्म अब तक करीब 161.67 करोड़ रुपये का सकल कारोबार कर चुकी है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के जल्द 150 करोड़ रुपये के घरेलू क्लब में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, ‘बंटवारा 1947’ की कमाई काफी धीमी बनी हुई है। फिल्म ने सातवें दिन लगभग 1.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले छठे दिन 1.50 करोड़, पांचवें दिन 2.25 करोड़ और चौथे दिन 2 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। फिल्म का पहले सप्ताह का कुल शुद्ध कलेक्शन 33.60 करोड़ रुपये रहा।

‘गदर 2’ की सफलता के बाद सनी देओल की फिल्मों को लेकर दर्शकों में काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ‘बंटवारा 1947’ अब तक बॉक्स ऑफिस पर उन उम्मीदों पर खरी उतरती नजर नहीं आ रही है। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल अहम भूमिकाओं में हैं।