कोरबा के घंटाघर मैदान में हादसा, शिफ्टिंग के दौरान गिरा 100 फीट ऊंचा लाइट टावर

Follow Us

कोरबा। घंटाघर मैदान में हाई मास्ट लाइट का विशाल खंभा दूसरी जगह ले जाने के दौरान गिर गया। खंभा गिरने से उसे उठाने में लगी हाइड्रा मशीन भी पलट गई। घटना में चालक की जान बाल-बाल बची। आसपास मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आने से बच गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, मैदान में लगा करीब 100 फीट ऊंचा लाइट टावर आंधी-तूफान के दौरान हिलने लगा था। संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम की ओर से उसे दूसरी जगह लगाने की योजना बनाई गई। इसके लिए पास में नया ढांचा तैयार किया गया था। पुराने खंभे से लाइटें हटाने के बाद हाइड्रा मशीन की सहायता से उसे स्थानांतरित किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन का संतुलन बिगड़ गया और भारी खंभा नीचे गिर पड़ा।

हादसे के वक्त मैदान में आगामी आयोजनों के लिए पंडाल तैयार करने का काम चल रहा था। वहां मौजूद लोगों के सुरक्षित बच जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद खंभे की मजबूती और काम की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घंटाघर मैदान में नवरात्रि सहित आगामी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए लाइटिंग का काम कराया जा रहा है। घटना की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई। पलटी हुई हाइड्रा मशीन को हटाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई है। इसके बाद खंभे को दोबारा स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हादसे ने सार्वजनिक स्थानों पर चल रहे कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है।