विकास कार्यों में तेजी लाकर समय-सीमा में करें पूरा-तोखन साहू

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर के सांसद तोखन साहू ने मंगलवार को अधिकारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

साहू ने जिला कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।


Read more:- सीजीएचबी दाण्डिक ब्याज और जलप्रदाय शुल्क सरचार्ज में 50 प्रतिशत छूट देगा


उन्होंने ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा करने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए।
व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बन रहे संपर्क मार्गों में आ रही बाधाओं को विभागीय समन्वय से दूर कर समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साहू ने जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के साथ ही विशिष्ट विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण को बढ़ावा देने और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पाद को नई पहचान मिलने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।


Read more:- फर्जी दस्तावेजों से कराया प्रसव – नवजात को बेचने के मामले में 6 आरोपी हिरासत में


उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने और स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित वास्तविक एवं अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पशुओं में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए सघन टीकाकरण, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
जिले के शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए गए।

साहू ने नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित आपूर्ति तथा विद्यालयों में बच्चों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन और मध्यान्ह भोजन की नियमित निगरानी करने को कहा।


Read more:- युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़कर विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प होगा साकार-साय


बैठक में बताया गया कि जिले में वीबी-जी रामजी योजना के तहत 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं और वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक नौ लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया गया है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किया जा चुका है।

  • प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूरे किए गए हैं।
  • गौरेला विकासखंड में पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में 865 का निर्माण पूरा हो चुका है।
  • सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन मिल रही है।

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में 58 हजार 693 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। जिले के 839 आंगनबाड़ी केंद्रों में 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत तीन लाख 16 हजार 675 लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 24 हजार 248 पात्र लोगों के कार्ड बनना शेष है।

जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में 245 पूरी हो चुकी हैं। 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के मुकाबले 69 हजार 808 घरों को नल कनेक्शन दिया गया है, जिनमें 55 हजार 800 क्रियाशील नल कनेक्शन हैं।


Read more:- BREAKING NEWS: प्रदेश में 22 आईएएस और एक आईएफएस अफसरों प्रभार में फेर बदल, 6 जिलों के कलेक्टर बदले


कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बैठक में जिले में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, पेंड्रा नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान, जनपद पंचायत गौरेला अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत मरवाही अध्यक्ष जानकी कुशरो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।