प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से जशपुर के 15 किसानों ने पॉलीहाउस में गुलाब की उन्नत खेती का किया अध्ययन भ्रमण

Follow Us

०आधुनिक तकनीक, सिंचाई, पौधरोपण और फूलों के विपणन की मिली व्यावहारिक जानकारी

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से जिले में आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिला जशपुर के 15 किसानों को पॉलीहाउस में गुलाब की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती का अध्ययन कराने के लिए सूरजपुर जिले के ग्राम पीढ़ा का भ्रमण कराया गया। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में आयोजित इस अध्ययन भ्रमण के दौरान किसानों को पॉलीहाउस में गुलाब की खेती की आधुनिक तकनीक, पौधरोपण, सिंचाई व्यवस्था, पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, फूलों की गुणवत्ता, उत्पादन तथा विपणन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई।

किसानों ने पॉलीहाउस में गुलाब उत्पादन की तकनीकों को नजदीक से देखा और खेती के विभिन्न पहलुओं को समझा।इस अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के साथ प्रगतिशील कृषक भोला अग्रवाल प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संरक्षित खेती के लाभ, गुलाब उत्पादन की उन्नत तकनीकों और व्यावसायिक फूल उत्पादन के माध्यम से आय बढ़ाने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

स्वामी आत्मानंद स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, दर्जनों बच्चे घायल, अभिभावकों में आक्रोश

उन्होंने पॉलीहाउस में गुलाब की खेती के अपने व्यावहारिक अनुभव भी किसानों के साथ साझा किए। इस अध्ययन भ्रमण का मुख्य उद्देश्य जशपुर जिले के किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ फसल विविधीकरण, संरक्षित खेती एवं उच्च मूल्य वाली व्यावसायिक फूलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकें।

कृषि विभाग द्वारा जिले के किसानों को निरंतर आधुनिक कृषि तकनीकों से परिचित कराने तथा उद्यानिकी आधारित खेती एवं फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे जिले में कृषि को अधिक लाभकारी और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।