मुंबई। इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के आठ दिनों में फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्मों में पहला स्थान हासिल कर लिया है। फिल्म में पहली बार साथ नजर आई इमरान और दिशा की जोड़ी को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘आवारापन 2’ ने ओपनिंग डे पर 22 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पहले सप्ताह में फिल्म ने 113.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया। वहीं दूसरे शनिवार को फिल्म ने करीब 5.75 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद इसका भारत में कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 119.25 करोड़ रुपये हो गया।
नेटफ्लिक्स पर दिखेगा तापसी पन्नू का ‘गंधारी’ अवतार, बेटी के लिए हर हद पार करेगी मां
फिल्म ने विदेशी बाजार में भी मजबूत प्रदर्शन किया है। कोईमोई के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने ओवरसीज में करीब 27.31 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसी के साथ फिल्म ने ‘धमाल 4’ के 26.5 करोड़ रुपये के ओवरसीज कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है और 2026 की सातवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इंटरनेशनल फिल्मों में शामिल हो गई है। वर्ल्डवाइड कमाई की बात करें तो आठ दिनों में ‘आवारापन 2’ ने करीब 173.49 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने शाहिद कपूर की ‘कॉकटेल 2’ के 166.29 करोड़ रुपये के लाइफटाइम ग्लोबल कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। अब यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्म बन गई है।
फिल्म 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की सूची में छठे स्थान पर भी पहुंच गई है। इसके आगे अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ है, जिसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 196.1 करोड़ रुपये बताया गया है। करीब 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘आवारापन 2’ ने महज आठ दिनों में अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है। 2007 में आई ‘आवारापन’ के सीक्वल के रूप में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि दिशा पाटनी के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को भी दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
