रायगढ़ की अनोखी परंपरा वाली शादी! अंगारों पर चलते हुए दूल्हा-दुल्हन ने निभाई सदियों पुरानी रस्म

Follow Us

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बेहद अनोखी और परंपरागत शादी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां दूल्हा-दुल्हन ने न सिर्फ सात फेरे लिए, बल्कि सदियों पुरानी परंपरा के तहत जलते अंगारों पर चलकर विवाह की रस्में पूरी कीं। यह अनोखी परंपरा जिले के बिलासपुर गांव में राठिया परिवार के गंधेल गोत्र में कई पीढ़ियों से निभाई जा रही है। शादी के बाद जब दुल्हन को ससुराल लाया जाता है, तो घर में देवी-देवताओं की पूजा के बाद विशेष मंडप सजाया जाता है। इस मंडप में जलते हुए अंगारे बिछाए जाते हैं, जिन पर दूल्हा-दुल्हन और परिवार के सदस्य नंगे पांव चलते हैं।

मान्यता के अनुसार, इस रस्म के दौरान घर के मुखिया पर देवता का वास होता है, जिसके बाद वह पूरे अनुष्ठान का नेतृत्व करता है। परंपरा के तहत बकरे की बलि देकर पूजा की जाती है और उसके बाद यह विशेष रस्म पूरी होती है। ग्रामीणों का मानना है कि, यह परंपरा देवी-देवताओं की कृपा पाने और परिवार की सुरक्षा के लिए निभाई जाती है। यदि इसे नहीं निभाया जाए तो अशुभ परिणाम हो सकते हैं। इस अनोखी शादी को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जलते अंगारों पर चलने का यह दृश्य लोगों के लिए आस्था और कौतूहल दोनों का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी यह शादी तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।